श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन संचालन के दौरान नियमों के पालन को लेकर प्रबंधन सख्त हो गया है। नियमों का पालन नहीं करने पर अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। बार-बार इसी तरह की गलती करने वालों के वाहनों पर प्रतिबंध की और भी सख्ती हो सकती है।
ऐसा करने पर होगी कार्रवाई
- सफारी के दौरान अनावश्यक शोर-शराबा करना, वन्यजीवों का ध्यान आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार की आवाजें निकालना एवं पर्यटकों को ऐसा करने के लिए प्रेरित करना।
- सोशल मीडिया के लिए रील, वीडियो एवं अन्य सामग्री निर्माण के उद्देश्य से वन्यजीवों एवं पर्यटकों के हितों की उपेक्षा करना।
- निर्धारित पर्यटन नियमों एवं आचार संहिता का उल्लंघन करना। वाहन संचालन संबंधी निर्धारित निर्देशों का पालन न करना।
- पर्यटकों की सुरक्षा एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी प्रावधानों की अवहेलना करना। वन्य जीवों के प्राकृतिक मार्ग को अवरुद्ध करना।
- ऐसे कृत्यों से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता एवं पर्यटन व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव।
प्रतिबंधित है मोबाइल
कोर जोन में मोबाइल फ़ोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। वाहन चालकों और गाइडों से कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अक्षरशः पालन स्वयं करें और पर्यटकों से भी कराएं। इसके लिए जिप्सी चालकों के पास एक बाक्स है जिसमें मोबाइल रखकर उसमें ताला लगाना आवश्यक है, जबकि यह जानकारी सामने आई है कि पार्क के अंदर प्रवेश करने के बाद वाहन चालक और गाइड पर्यटकों को उनके मोबाइल लौटा देते हैं।
यह निर्देश हुए जारी
- सफारी के दौरान किसी भी प्रकार की रील, वीडियो अथवा इंटरनेट मीडिया सामग्री निर्माण के लिए वन्यजीवों को प्रभावित करने वाले कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
- पर्यटकों को किसी भी प्रकार का शोर करने, वन्यजीवों को पुकारने अथवा उनका ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रेरित नहीं किया जाएगा।
- जिप्सी वाहन चालक नियमों के पालन के लिए अन्य वाहन चालकों को भी जागरूक करेंगे और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग प्रदान करेंगे।
- चक्रधारा में वाहनो की भीड़ नहीं लगने के लिए लागू की गई नई व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करना होगा।
इन घटनाओं ने किया विचलित
छह जून को पार्क के अंदर एक बाघ को पर्यटन वाहनों से घेरने का फोटो और वीडियो इंटरनेट वीडियो पर जमकर बहू प्रसारित हुआ, जो काफी विचलित करने वाला था। इसी तरह कुछ महीने पहले मगधी गेट के पास जब एक बाघ मुख्य मार्ग पर आ गया था उस दौरान तो लोगों ने बाघ के काफी नजदीक जाने का प्रयास किया था। इस घटना का विडियो भी काफी विचलित करने वाला था।\
हमने जिप्सी चालकों और गाइडों को एक बार फिर से नियमों के पालन करने के लिए समझाया है। अगर अब वे नियमों का उलघंन करते हुए पाए जाते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में प्रशिक्षण का आयोजन भी किया जाएगा।
-डा. अनुपम सहाय, फील्ड डायरेक्टर, बांधवगढ़







