श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रतलाम। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने मंगलवार को जावरा में सहायक ग्रेड-2 को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया। कार्रवाई डिजी लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं लोकायुक्त एसपी आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या से सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पीपीओ जारी करवाने के एवज में संकुल केन्द्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू जावरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल वर्मा द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
आरोपी ने रिश्वत राशि हाथ में लेकर अपनी टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी
शिकायत का सत्यापन उपरांत लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को ट्रेप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपित अनिल वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी ने रिश्वत राशि हाथ में लेकर अपनी टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी।
लोकायुक्त पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है
लोकायुक्त टीम ने उक्त राशि वहीं से बरामद की। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रेप दल में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर एवं संदीप कदम शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक अधिकारी या कर्मचारी शासकीय कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो लोकायुक्त उज्जैन के मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।







