श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया के खैरा अमड़ी गांव में बछिया खोजने गए नन्हेलाल अगरिया को अवैध देशी भरमार बंदूक से निकले छर्रे लगने से गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद फरार आरोपी धनिया उर्फ धनीराम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया और जेल भेज दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरा अमड़ी में हुई गोलीकांड की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध देशी भरमार बंदूक से लापरवाहीपूर्वक गोली चलाने के कारण एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन घटना के बाद वह लगातार फरार था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार दबिश देती रही। आखिरकार सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव खैरा स्थित घर पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त बिना लाइसेंस की देशी भरमार बंदूक को उसने अपने खेत के कुएं में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से हथियार बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी धनिया उर्फ धनीराम यादव के खिलाफ धारा 125(ए) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी पी.एस. परस्ते, थाना प्रभारी मदनलाल मरावी, उप निरीक्षक बी.एल. सिंह, विनोद प्रजापति सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







