श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बदराः क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में विकास के नाम पर व्यापक गड़बड़ी करते हुए शासकीय धनराशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। जनपद के ग्राम पंचायत पयारी क्रमांक एक में जोगी कुंड चौरा धाम के पास 5.71 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण पंचायत एजेंसी द्वारा उप यंत्री की देखरेख में कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण सामग्री के लिए जो माप दंड निर्धारित है के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है इससे गुणवत्ता प्रभावित होगी। लाखों रुपये खर्च करके बनाई जा रही यह पुलिया में कई समस्याएं आएंगी इससे नुकसान केवल ग्रामीणों का होगा।
बताया गया निर्माण कार्य का पूरा काम राजमिस्त्री के भरोसे छोड़ दिया गया है। बताया गया इस निर्माण में ढलाई के दौरान गैप वाली अमानक शटरिंग का उपयोग किया गया और वाइब्रेटर का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं हुआ। नतीजतन, सीमेंट का घोल बह गया और दीवार में सिर्फ सूखी गिट्टी बची रह गई है। जहां ढलाई का काम चल रहा है, वहां कंक्रीट को अच्छे से सेट करने के लिए कंक्रीट वाइब्रेटर मशीन का इस्तेमाल होता पर नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि मौके का सख्त तकनीकी आडिट और गुणवत्ता की लैब टेस्टिंग कराई जाए। इसके साथ ही, गड़बड़ी सिद्ध होने तक इस पुलिया से जुड़े हर तरह के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।







