श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सिवनी। बकरीद पर्व पर अशांति फैलाने व गौवंश की कुर्बानी के एक बड़े प्रयास को सिवनी पुलिस ने अपनी सक्रियता व मुस्तैदी से विफल कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में गौवंश अपराधों पर जीरो टालरेंस की नीति और 360 डिग्री कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 17 गौवंशों को मुक्त कराया है।
पुलिस ने अपराध में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक मौलाना मजीद पुत्र शफीक खान (44) थांवरी थाना धनौरा हाल निवासी हड्डीगोदाम भगत सिंह वार्ड सिवनी शामिल है। पुलिस ने आरोपित मजीद खान, शेख आबिद व मुक्तदीर अहमद को चार दिन की रिमांड पर लिया है। जबकि अन्य दो आरोपितों को नोटिस पर छोड़ दिया है। सभी आरोपितों के विरुद्ध मप्र गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, मप्र कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में 29 मई शुक्रवार की शाम प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम का राजफाश करते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि प्रकरण में पूरी गंभीरता से पुलिस कार्रवाई व विवेचना कर रही है। अपराध की चैन में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को मामले में आरोपित बनाया गया है। पुलिस रिमांड में आरोपितों से प्रकरण में विस्तृत पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी खंगाली जा रही है।
जंगल में बंधे थे चंदा की रकम से खरीदा गया गौवंश
- एसपी लालचंदानी ने बताया कि मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि हड्डी गोदाम निवासी मौलाना मजीद खान ने बकरीद पर गौवंश की कुर्बानी के नाम पर समाज के कुछ लोगों से अवैध चंदा एकत्रित किया जा रहा है।
- इस सूचना पर पूरी गंभीरता से लेकर एसडीओपी सचिन परते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजीद खान को टीपू सुल्तान चौक के पास से हिरासत में लिया।
- प्रारंभ पूछताछ व उसके मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
- पूछताछ में पता चला कि मजीद खान ने इमरान पटेल, मौलाना आसिफ, साकिर अली व रफीक खान से 27,500 रुपये का चंदा इकट्ठा कर जटलापुर निवासी शेख आबिद से 7 गौवंश खरीदे थे। इन पशुओं को कुर्बानी के लिए जटलापुर जंगल में बांधकर रखा गया था।
एसपी ने कहा, गौवंश अपराधों पर जारी रहेगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा है कि जिले में शांति-सौहार्द बनाए रखने गौवंश अपराधों पर इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि यदि गौवंश तस्करी या वध की कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचित करें। सटीक जानकारी देने वाले को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा व उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में एसडीओपी सचिन परते, निरीक्षक सतीश तिवारी, उप-निरीक्षक डालचंद ग्यारसिया, सउनि जसवंत ठाकुर, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, मनोज मरावी, संजय यादव, आरक्षक सिद्धार्थ दुबे, सतीश इनवाती, प्रतीक बघेल, रत्नेश कुशवाहा, रविंद्र डहेरिया, लोकेश सरयाम, सौरभ कछवाहा, चालक माेनू डहेरिया व अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।







