श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच नौतपा के पहले ही दिन उमरिया जिले का मौसम अचानक बदल गया। सोमवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और करीब 15 मिनट तक हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि कुछ देर बाद ही तेज हवा चलने की वजह से बादल खुलने लगे।
सुबह से थी तेज धूप और उमस, दोपहर बाद अचानक मौसम ने ली करवट सुबह से ही जिले में तेज धूप और उमस का असर बना हुआ था। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया था। बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दे रही थी। इसी बीच दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बादल छा गए। कुछ ही देर में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई, जो करीब 15 मिनट तक जारी रही।
बारिश से भीगीं सड़कें, लंबे समय बाद आई ठंडक से खिले लोगों के चेहरे
बारिश के कारण शहर की सड़क गीली हो गई और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। लंबे समय बाद मौसम में आई ठंडक से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरे खिल उठे। लोगों ने भी इस बारिश को राहत भरी बताया। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी से तापमान में कमी आने से सभी को राहत मिलेगी।







