श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर। अनूपपुर जिले में किसान एकता मंच द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय के शहडोल, राजेंद्र ग्राम और जैतहरी मुख्य मार्ग स्थित चंदास चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। दोपहर एक बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में क्षेत्र के सैकड़ों किसान शामिल हुए। किसानों के सड़क पर उतरने और ट्रैक्टर खड़े कर देने से सभी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।
आधा किलोमीटर तक लगा जाम
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और अन्य वाहन सड़क पर खड़े कर दिए। इसके कारण बस, ऑटो, जीप और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चंदास चौराहे के आसपास लगभग आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
किसानों की प्रमुख मांगों में स्लॉट बुकिंग को नियमित रूप से चालू रखना, बिजली कटौती बंद करना और फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सुनिश्चित करना शामिल है। किसान संगठन का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा।
कांग्रेस ने दिया समर्थन
किसानों के इस प्रदर्शन को कांग्रेस का भी समर्थन मिला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित पुष्पराजगढ़ विधायक भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे और किसानों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार किसान पहले कलेक्ट्रेट जाकर ज्ञापन सौंपने वाले थे, लेकिन चंदास चौराहे पर पहुंचने के बाद वहीं धरने पर बैठ गए।
कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े किसान
प्रदर्शन कर रहे किसान संगठन के सदस्य मौके पर कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहने की सूचना है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







