श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। धनवंतरि नगर क्षेत्र में एक निगरानी बदमाश की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। आरोपित ने पहले युवक का गला घोंटकर हत्या की और बाद में उसकी कलाई काटकर मामले को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की।
धनवंतरी नगर स्थित पुराने घर में केयर टेकर
मृतक की पहचान परसवाड़ा निवासी सुरेंद्र ठाकुर उर्फ चिंगम (28) के रूप में हुई है। वह पूर्व सरपंच राजू पटेल के धनवंतरी नगर स्थित पुराने घर में केयर टेकर के रूप में रह रहा था।
घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई
सुबह करीब 10:30 बजे उसका भाई अरविंद ठाकुर खाना देने घर पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो सुरेंद्र जमीन पर पड़ा था। यह देखते ही उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। संजीवनी नगर थाना और धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक के गले में गमछा कसकर लिपटा हुआ मिला। वहीं उसकी कलाई भी कटी हुई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पहले गला घोंटकर हत्या की गई।
घटनास्थल से खून से सना चाकू भी बरामद
कलाई पर चाकू से कई वार किए गए ताकि मामला आत्महत्या लगे। घटनास्थल से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है। कमरे में संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जिससे पुलिस हत्या की आशंका को मजबूत मान रही है।
रात में मिलने वालों का पता लगा रहे
पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र ठाकुर संजीवनी नगर थाने का निगरानी बदमाश था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी किससे शत्रुता थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले उसके पास कौन-कौन आया था। संदिग्धों को चिन्हित किया जा रहा है।
तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस
हत्या की आशंका पर पुलिस ने मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डाग स्क्वाड और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की तुरंत सूचना दी गई। इसके बावजूद एफएसएल टीम समय पर नहीं पहुंची। लगभग तीन घंटे बाद केवल एक अधिकारी मौके पर आया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।







