श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। 14 मई से लापता चल रहे मयंक चौधरी का शव रविवार को सारनिया के जंगल में खून से लथपथ हालत में मिला। शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शुरुआती परिस्थितियां हत्या की आशंका की ओर इशारा कर रही हैं, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को सारनिया जंगल की तरफ गए कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच एक शव पड़ा देखा। शव के आसपास खून के निशान भी मिले थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
शव की हालत देखकर दहशत में आए लोग
जब शव की पहचान कराई गई तो वह मयंक चौधरी का निकला। शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा था। शरीर पर चोट के निशान होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
हत्या की आशंका, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों के बीच हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मस्कुले ने बताया कि सारनिया जंगल में एक शव बरामद हुआ है, जो दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।







