श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले का जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है। सड़क हादसे में घायल एक युवक को समय पर इलाज, डॉक्टर और एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिलने के आरोपों के बीच उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम टिकुरी निवासी टीकम सिंह पिता केमकरन सिंह मंगलवार रात करीब 9 बजे बाइक से टिकुरी से बरगवां की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अमहा और बरंगावा के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने घायल युवक को तुरंत जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देर तक कोई डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। घायल युवक दर्द से तड़पता रहा और उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। बाद में उसे शहडोल रेफर तो कर दिया गया, लेकिन समय पर 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।
निजी वाहन से ले गए शहडोल, रास्ते में मौत काफी इंतजार के बाद परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था की और युवक को शहडोल लेकर रवाना हुए। परिजनों के मुताबिक इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस की सुविधा मिल जाती, तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी।
वीडियो भी आए सामने, लोगों में भारी नाराजगी घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें अस्पताल की अव्यवस्था और लापरवाही दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सीएमएचओ बोले- “मामले की जांच कराएंगे” मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।







