श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरियाः बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान एक महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों की बहादुरी और तत्परता से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम मानपुर निवासी श्रीमती निरसिया बैगा सुबह लगभग नौ बजे अपने परिवार और अन्य ग्रामीणों के साथ बीट मानपुर के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाघ के दांत महिला के दाहिने हाथ की हथेली में धंस गए, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। चीख-पुकार सुनते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया और बाघ को जंगल की ओर खदेड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें बिरसा मुंडा मेडिकल कालेज शहडोल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।







