श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के ग्राम सारंगपुर में भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया, जहां मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। वारदात के बाद आरोपी कई दिनों तक जंगल में छिपा रहा, लेकिन पुलिस की रणनीति और सतर्क निगरानी के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
खैरहा थाना क्षेत्र के ग्राम सारंगपुर में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली विवाद में बड़े भाई की लोहे की सब्बल से हत्या कर फरार हुआ आरोपी करीब 8 दिनों तक जंगल में छिपा रहा, जिसे पुलिस ने सूझबूझ से पकड़ लिया।
घटना के बाद पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया, जिससे अहम जानकारी मिली कि आरोपी आसपास के घरों से खाना मंगाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने नई रणनीति बनाई और सिविल ड्रेस में जंगल के आसपास बने घरों में निगरानी शुरू की। एक रात आरोपी खाना लेने के लिए एक घर पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।











