श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सागर। शहर के परकोटा क्षेत्र स्थित एक बेकरी में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल कर्मचारी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
केक की कीमत को लेकर हो गया विवाद
पीड़ित कर्मचारी अमित सिंह के अनुसार रविवार रात करीब 10:35 बजे वह कान्हा बेकर्स एंड स्वीट्स में दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक दुकान में पहुंचे और केक की कीमत पूछी। आरोप है कि कीमत बताने के बाद दोनों युवक गालीगलौज करने लगे, जिससे विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद घटना
सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवक कर्मचारी के साथ लात-घूंसे और थप्पड़ों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान चप्पल से भी पीटा गया। मामले में कर्मचारी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी अपने स्तर पर घटना को लेकर अलग पक्ष रखा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।











