SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » पार्टी कर रहे लोगों से कार हटाने को कहा, तो युवक के गले में फंसा दिया चाकू; मौके पर मौत

पार्टी कर रहे लोगों से कार हटाने को कहा, तो युवक के गले में फंसा दिया चाकू; मौके पर मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-    सिवनी। जिले के घंसौर थाना अंतर्गत बरौदा गांव में 25-26 अप्रैल की देर रात 3 बजे बीच सड़क पर खड़ी कार हटाने के विवाद में एक व्यक्ति गोधन पुत्र रूपसिंह यादव (30) नागदहार लखनादौन निवासी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या के बाद फरार अज्ञात आरोपी की पुलिस ने गंभीरता से पतासाजी शुरू कर दी है।

हालाकि देर शाम तक अज्ञात आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले छानबीन की जा रही है। इस घटना के दौरान पिकअप सवार एक अन्य व्यक्ति हल्के पुत्र स्व. माखनलाल वंशकार (54) नागदहार निवासी को अज्ञात आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया, जिसे बेहतर इलाज के लिए लखनादौन अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कालेज रैफर कर दिया गया है। पिकअप में सवार अन्य लोगों से भी आरोपियों द्वारा मारपीट करने की बात कहीं जा रही है।

पुलिस के अनुसार घायल चाकू के हमले से लहुलुहान गोधन यादव को तत्काल लखनादौन अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। 25 अप्रैल की सुबह पोस्ट मार्टम के बाद नागदहार गांव जा रहे मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने लखनादौन-मंडला स्टेट हाईवे में हर्रई गांव के पास सड़क पर मृतक का शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हालाकि पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने सड़क में लगाया चकाजाम हटा दिया।

विरोध प्रदर्शन के चलते लखनादौन-मंडला सड़क में दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालाकि कुछ देर में सड़क में लगा जाम हट गया।

कहासुनी के बाद चाकू से किए कई वार
  • पुलिस के अनुसार नागदहार गांव निवासी गोधन यादव बैंडबाजा से लोड पिकअप वाहन में धमाल बजाने वाले अन्य पांच लोगों को लेकर घंसौर के कुदवारी गांव में आयोजित विवाह समारोह बैंडबाजा लेकर गया था। 25 अप्रैल की रात लगभग 3 बजे कुदवारी से धमाल पार्टी वापस नागदहार गांव लौट रही थी। इसी बीच अपने रिश्तेदार से मिलने गोधन ने पिकअप वाहन को बरोदा गांव की सड़क में मोड़ दिया।

 

  • घायलों के अनुसार बरोदा गांव में तिगड्डे के पास गांव की मुख्य सड़क में कार खड़ी कर कुछ युवक शराब पीकर पार्टी मना रहे थे। सड़क के दोनों ओर खेत होने के कारण पिकअप वाहन आगे नहीं बढ़ने पर गोधन ने पार्टी मना रहे लोगों से कार को हटाने की बात कहीं। इसी बात पर कहासुनी का विवाद इतना बढ़ा कि शराब पार्टी मना रहे आरोपियों ने चाकू निकालकर गोधन पर गर्दन के नीचे, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में कई घाव कर दिए।
आरोपियों की जल्दी गिरफ्तारी का दावा

पिकअप में सवार हल्के वंशकार, राजेश से मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद पिकअप में सवार अन्य लोगों ने तत्काल गंभीर रूप से घायल गोधन व हल्के को लखनादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां अधिक रक्त बह जाने के कारण गोधन ने दमतोड़ दिया। वहीं हल्के वंशकार को इलाज चल रहा है। घटना के बाद कार सहित अज्ञात आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

इनका कहना है

फरियादी पक्ष के अनुसार सड़क पर कार खड़ी कर शराब पार्टी कर रहे लोगों को कार हटाने को कहा गया था। इसके बाद कहासुनी व विवाद बढ़ गया। इसी बीच अज्ञात आरोपियों द्वारा चाकू से हमला करने से घायल गोधन की मौत हो गई। मारपीट में घायल एक अन्य व्यक्ति को जबलपुर रैफर किया गया है, जिसका इलाज चल रहा है। अज्ञात आरोपियों की पहचान व घटना में कितने लोग शामिल थे इसकी जानकारी एकत्रित की जा रही है, जल्द ही आरोपियों काे गिरफ्तार किया जाएगा। सुनील कुमार मेहता, पुलिस अधीक्षक सिवनी

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us