SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » अनूपपुर में हाथी का हमला: पति के सामने पत्नी को कुचल दिया, मौत, एक को आई चोट; जंगल से लौटते समय हुआ हादसा

अनूपपुर में हाथी का हमला: पति के सामने पत्नी को कुचल दिया, मौत, एक को आई चोट; जंगल से लौटते समय हुआ हादसा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-    अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत बरबसपुर अंतर्गत भोलगढ़ गांव के जंगल में रविवार दोपहर एक हाथी के हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया है।

 खेत से लौटते समय हुआ हमला
 जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर भोलगढ़ निवासी समयलाल पाव का खेत चटुआ गांव के पास जंगल क्षेत्र में स्थित है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे परिवार के पांच सदस्य खेत से काम करके जंगल के रास्ते गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कई दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी को देखकर सभी लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन 30 वर्षीय प्रेमवती पाव को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके पति 32 वर्षीय राममनोज पाव और 6 वर्षीय पुत्र दीपक पाव को हाथी ने उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पहले भोलगढ़ गांव लाया गया, जहां से निजी वाहन से जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा गया। बताया गया कि घटना के बाद हाथी कुछ देर तक घटनास्थल के आसपास ही रहा और ग्रामीणों के शोर मचाने पर जंगल की ओर चला गया।

 

प्रशासन और वन विभाग अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग ने भोलगढ़, चटुआ, खांड़ा, पौड़ी, मानपुर, बरबसपुर और सोनटोला सहित आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।

ग्रामीणों से विशेषकर रात में सतर्क रहने, जंगल की ओर न जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। डीएफओ अनूपपुर डेबिट वेंकट राव ने बताया कि वन विभाग द्वारा पहले ही ग्रामीणों को सतर्क किया गया था, लेकिन इसके बावजूद लोग जंगल की ओर गए, जिससे यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मृतका व घायलों के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us