श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- सतना। जिले में अवैध चिकित्सा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नयागांव थाना पुलिस ने एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रशासनिक टीम की संयुक्त छापेमार कार्रवाई के बाद यह एफआईआर दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना नयागांव में एफआईआर क्रमांक 0159/2026 दिनांक 22 अप्रैल 2026 को दर्ज की गई है। यह कार्रवाई खंड चिकित्सा अधिकारी मझगवां की रिपोर्ट के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता अश्वनी कुमार मिश्रा (पुलिस अधिकारी) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम जुगुलपुर निवासी प्रेमलाल अनुरागी बिना किसी वैध डिग्री और लाइसेंस के एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति से क्लीनिक संचालित कर रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से ग्रामीणों की जान जोखिम में डालकर अवैध रूप से इलाज कर रहा था। बिना योग्यता और लाइसेंस के संचालित यह क्लीनिक मरीजों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ था।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम मझगवां, एसडीओपी चित्रकूट और बीएमओ टीम द्वारा संयुक्त रूप से क्लीनिक पर छापा मारा गया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान डॉक्टर रूपेश सोनी, डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, डॉ. दिवाकर सिंह और बीपीएम सत्यनारायण बागरी की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया।











