श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः संभाग में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नए संभाग प्रभारी एडीजी प्रशिक्षण राजाबाबू सिंह मई माह में शहडोल रेंज का दौरा करेंगे। इससे पूर्व, एडीजी प्रशिक्षण 17 अप्रैल को कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस समीक्षा के दौरान शहडोल, अनूपपुर और उमरिया के पुलिस अधीक्षक शाम चार बजे पीपीपी फार्म के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में उपस्थित रहेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलेवार अपराध स्थिति, पुलिस कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की समीक्षा और कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर गहन चर्चा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, संभाग प्रभारी अपने प्रभार वाले जिलों में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएंगे। इसके साथ ही, पुलिस मुख्यालय से संबंधित विषयों पर समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
एडीजी प्रशिक्षण अपने प्रभार के जिलों का दौरा दो माह में कम से कम एक बार करेंगे और समय-समय पर पुलिस के कार्यों की समीक्षा करेंगे। पुलिस महकमे में इस समीक्षा बैठक की तैयारी तेज हो गई है। सभी जिलों से अपराध आंकड़े, संवेदनशील मामलों की जानकारी और लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बैठक में हर बिंदु पर तथ्यात्मक और अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की जाए। इस समीक्षा के माध्यम से अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद है।







