SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » Umaria News: जंगल में बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटा वन विभाग

Umaria News: जंगल में बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटा वन विभाग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :-   उमरिया जिले के मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम क्षेत्र में एक बाघ का क्षत-विक्षत और सड़ा-गला शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सोमवार को जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग और राज्य वन विकास निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार यह मामला उमरिया परियोजना परिक्षेत्र के चंदवार बीट के पी-111 राजस्व क्षेत्र का है। यहां घनी झाड़ियों के बीच बाघ का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव की स्थिति बेहद खराब थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ की मौत कई दिन पहले हो चुकी होगी। शव के क्षत-विक्षत होने के कारण मौके पर ही मौत के कारणों का पता नहीं चल सका, जिससे मामला और भी पेचीदा बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। आसपास के जंगल में हर दिशा में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह के शिकार, संघर्ष या अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिल सकें। जांच को और प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है, जो घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाने में लगी हुई है।

उमरिया परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक अमित पटौदी ने बताया कि टीम मौके पर तैनात है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। बाघ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। इस घटना के बाद पूरे वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन अमला लगातार गश्त कर रहा है और आसपास के इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल वन विभाग हर एंगल से जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटा है कि यह प्राकृतिक मौत है या इसके पीछे कोई और वजह है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा।

जंगल में बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटा वन विभाग

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us