श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में एक महिला से दोस्त की नजदीकी युवक को पसंद नहीं आई। महिला से रिश्तें के लेकर दोनों दोस्तों के बीच विवाद हो गया। आक्रोशित युवक ने डंडे से हमला कर दोस्त की हत्या कर दी। उसके बाद आरोपित खुद थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। आरोपी मूलत: नरसिंहपुर जिले के करेली का निवासी गुलाब शाह (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
ये है पूरा मामला…
गोसलपुर के अतरिया निवासी लटोरी जगदीश सिंह गौड़ (52) शहर में रहकर मजदूरी करता था। उसकी कामकाज के दौरान गुलाब शाह से जान-पहचान हो गई। गुलाब भी कामकाज के सिलसिले में दीनदयाल चौक के पास रहता था। मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि को दोनों हाट बाजार के पीछे एक खंडहर में बैठे थे।
दोनों बातचीत कर रहे थे तभी एक महिला के साथ नजदीकी को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। जिस महिला को गुलाब पसंद करता था, उससे कुछ दिनों से लटोरी की नजदीकी थी। इस पर गुलाब को संदेह हुआ कि लटोरी के उसके साथ अवैध संबेध है।
इसी बात पर उनके बीच मध्यरात्रि विवाद के दौरान गुलाब ने डंडे से लटोरी की पिटाई कर दी। मारपीट में जब लटोरी अधमरा और बेहोश हो गया तो गुलाब वहां से सीधे पुलिस के पास पहुंचा। थाने जाकर दोस्त के घायल होने की जानकारी दी।
अस्पताल में मृत घोषित किया
पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो वहां पर लटोरी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत एंबुलेंस से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान बुधवार को तड़के लगभग चार बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी गुलाब शाह को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या के लिए प्रयुक्त डंडे को जब्त किया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
पीएम में चोट से मौत की पुष्टि
पुलिस को जांच में पता चला कि लटोरी चार दिन पूर्व ही गांव से कृषि उपज मंडी में मजदूरी करने के लिए आया था। मेडिकल अस्पताल में पोस्टमार्टम में लटोरी के दोनों हाथ-पैर और पीठ में चोट के निशान मिले है। इन चोट के कारण उसकी मृत्यु होना बताया गया है। मामले में बुधवार को आरोपित गुलाब के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीबद्ध किया गया है।







