श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल : – अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में घर से भागे हुए प्रेमी जोड़े की जहर खाने से इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 18 वर्ष युवती 3 मार्च की शाम शौच के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस दौरान युवती की बहन ने परिजनों को बताया कि उसकी फोन पर शंकर उर्फ अभय राठौर (20 वर्ष), निवासी उमरिया से बातचीत होती थी। जब परिजन युवक के घर पहुंचे तो पता चला कि वह भी 3 मार्च से लापता है। इसके बाद 5 मार्च को परिजनों ने जैतहरी थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई।
6 मार्च को युवती ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर 2000 रुपए और आधार कार्ड लेकर अनूपपुर आने को कहा। बहन परिजनों के साथ अनूपपुर पहुंची और बताए गए अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन भी की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। इसी बीच 7 मार्च की शाम सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों को जानकारी मिली कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है और उसे गंभीर हालत में जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया जा रहा है।
परिजन जब रात में जिला अस्पताल पहुंचे, तब तक युवती की रात करीब 8:30 बजे मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां शंकर उर्फ अभय राठौर का भी उपचार जहर के सेवन से गंभीर हालत होने पर किया जा रहा था। युवक की हालत नाजुक थी और रविवार दोपहर उसकी भी मौत हो गई। जैतहरी थाना प्रभारी अमर वर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में संभावना है कि युवक-युवती 3 मार्च को जैतहरी से बाहर चले गए थे और 7 मार्च की दोपहर नर्मदा ट्रेन से वापस लौटे। गांव पहुंचने से पहले ही दोनों ने रास्ते में जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने युवक का भी पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







