SUBSCRIBE NOW

Home » राज्य » एमपी-छत्तीसगढ़ सीमा पर बवाल: रेत से भरा ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत के बाद पुलिस पर हत्या का केस; दो निलंबित

एमपी-छत्तीसगढ़ सीमा पर बवाल: रेत से भरा ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत के बाद पुलिस पर हत्या का केस; दो निलंबित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे shahdol :    मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर बरना नदी में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक सोनू चक्रवाह की मौत हो गई। आरोप है कि पुलिस की मारपीट से हादसा हुआ। मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित, हत्या का केस दर्ज।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुए हादसे ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। सीमा पर स्थित बरना नदी में रेत से भरा ट्रैक्टर पलटने से 25 वर्षीय चालक सोनू चक्रवाह की मंगलवार को मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस को मौके से खदेड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने दरशिला चौकी प्रभारी राजकुमार ठाकुर को लाइन हाजिर कर दिया है, जबकि प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला और आरक्षक राजू प्रजापति को बुधवार देर शाम निलंबित कर दिया गया है। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ केल्हारी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना बरना नदी में हुई, जहां अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर जैतपुर थाना क्षेत्र की दरशिला चौकी की पुलिस टीम मंगलवार सुबह मौके पर पहुंची थी। नदी का एक हिस्सा मध्य प्रदेश के जैतपुर थाना क्षेत्र में आता है, जबकि दूसरा हिस्सा छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में पड़ता है।

मंगलवार शाम छत्तीसगढ़ के केल्हारी थाने में दो पुलिसकर्मियों सहित कुल तीन लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। केल्हारी थाना प्रभारी मनीष धुर्वे के अनुसार आरोप है कि मध्य प्रदेश पुलिस छत्तीसगढ़ सीमा में खड़े रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त कर अपने राज्य ले जाने लगी। इस दौरान चालक सोनू चक्रवाह ने विरोध किया।

 आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसी दौरान चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद नदी में मौजूद ग्रामीणों में गुस्सा भड़क गया और उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस को मौके से खदेड़ दिया। पुलिसकर्मी अपना वाहन छोड़कर वहां से भाग निकले।

इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्य मधुर जैसवाल को पकड़ लिया और छत्तीसगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा ग्रामीणों के बयान दर्ज करने पर यह बात सामने आई कि पुलिसकर्मी छत्तीसगढ़ की सीमा में पहुंचे थे और रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर चालक से 20 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर चालक के साथ मारपीट की गई, जिसके दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों और ग्राम रक्षा समिति के एक सदस्य के खिलाफ छत्तीसगढ़ में हत्या सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं बुधवार देर शाम शहडोल पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us