श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- शहडोलः संभागीय मुख्यालय की हाउसिंग बोर्ड कालोनी वार्ड-25 की 6 वीं गली में चार दिन पहले नल जल सप्लाई के लिए सड़क में नाली खोदी गई है, जिसका कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इस कारण आसपास के तीस घरों के नल कनेक्शन कट गए हैं, जिससे उन्हें पानी – नहीं मिल रहा है।
यहां की पुरानी पाइपलाइन के कारण नई पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। हालांकि, पाइपलाइन डाल दी गई है, लेकिन अभी तक कनेक्शन – नहीं जोड़े जा रहे हैं, जिससे लोग परेशान हैं।
स्थानीय निवासी सलमान खान मिठाईलाल, नीबू नीलू साहू, अमित श्रीवास्तव सहित कई लोग नगर पालिका के कर्मचारियों से कनेक्शन जोड़ने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की गई है। पानी की अनुपलब्धता के कारण लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, और सड़क पर खोदी गई नाली के कारण आवागमन में भी दिक्कत हो रही है।
नल कनेक्शन धारियों का कहना है कि नगर पालिका के कर्मचारी कनेक्शन जोड़ने के लिए पैसे मांगते हैं, जबकि सभी लोग समय पर बिल जमा कर रहे हैं। इस संबंध में नगर पालिका के जल प्रभारी एसएस तोमर ने कहा कि कार्य प्रगति पर है और जल्द ही पूरा होगा। उन्होंने किसी भी प्रकार के पैसे मांगने की बात से इनकार किया।







