श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- शहडोलः थाना कोतवाली पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप जप्त किए हैं और एक महिला सहित 05 के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया है कि विशेष अभियान के तहत 21 फरवरी को यह कार्रवाई की गई। कोतवाली पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर दुर्गा कालोनी शहडोल निवासी शबनम बी पति जाकिर हुसैन उर्फ बंटी उम्र 46 वर्ष के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के एक टीन शेड कमरे में रखी टंकी एवं बक्से से कुल 730 नग
आनरेक्स कफ सिरप बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत डेढ लाख रूपए है। आरोपिता के विरुद्ध धारा एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विधिवत जप्ती, सीलबंदी, एवं पंचनामा कार्यवाही उपरांत 22 फरवरी को आरोपिता शबनम बी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय पेश किया गया। पूछताछ में आरोपिता ने अपने पति जाकिर हुसैन उर्फ बंटी, पुत्र सैफ खान, दामाद आमिल खान एवं रमेश जायसवाल निवासी खारा थाना रामपुर नैकिन के साथ मिलकर अवैध रूप से कफ सिरप खरीदकर ऊंचे दामों में विक्रय करना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।







