श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- बैतूल। जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में विवाहिता से एकतरफा प्रेम करने और शादी करने का दबाव बनाने वाले युवक की हत्या कर उसका शव खेत में दफना दिया गया। अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर पुलिस ने विवाहिता और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया कि महाराष्ट्र निवासी शिवम धुर्वे कौड़िया गांव की सुमित्रा से एकतरफा प्रेम करता था। वह उसे शादी करने के लिए दबाव बनाने के साथ ही धमकाता रहता था। विवाहिता ने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसे मौत के घाट उतारने की साजिश रची गई।
लाठी और पत्थर से मारकर हत्या कर दी
सुमित्रा ने युवक को 13 फरवरी को घर बुलाया और माता-पिता के साथ मिलकर लाठी और पत्थर से उसकी हत्या कर दी। शव को खेत में ले जाकर दफना दिया। मृतक की बाइक लावारिस हालत में मिलने के बाद पुलिस ने जब पड़ताल की तो हत्या का राजफाश हो गया।
इस तरह पुलिस का गहराया संदेह
दरअसल 14 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कौड़िया में एक बाइक लावारिस हालत में विसराम साल्वे के घर के सामने खड़ी है। आरंभिक पूछताछ में विसराम साल्वे घर पर नहीं मिला। उसकी पत्नी सोनाय साल्वे ने गोलमोल जवाब दिए और बयान बदलती रही, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया।
सख्ती से पूछताछ पर स्वीकार किया
ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस खेत की ओर पहुंची। सख्ती से पूछताछ करने पर सोनाय साल्वे ने स्वीकार किया कि बाइक चालक शिवम धुर्वे (निवासी महाराष्ट्र) उसकी पुत्री सुमित्रा से मिलने आया था। विवाद बढ़ने पर सुमित्रा, उसके पिता विसराम साल्वे और मां सोनाय साल्वे ने मिलकर युवक की पिटाई की।
खेत में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया
आरोपितों ने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे जंगल स्थित खेत में ले गए, जहां विसराम साल्वे ने उसके सिर पर पत्थर पटक कर एवं डंडों से वार कर हत्या कर दी। अगले दिन सुबह साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खेत में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया।
आरोपित परिचित था, परेशान कर रहा था
एसडीएम भैंसदेही की उपस्थिति में वैधानिक प्रक्रिया के तहत उत्खनन कराया गया, जहां लगभग 25–30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शिवम धुर्वे आरोपित सुमित्रा का परिचित था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। सुमित्रा विवाहित है और दो बच्चों की मां है।
24 घंटे के भीतर आरोपित गिरफ्तार
कथित रूप से युवक द्वारा धमकाने और दबाव बनाने से परेशान होकर उसने उसे 13 फरवरी को अपने मायके ग्राम कौड़िया बुलाया, जहां विवाद के बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर 24 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।










