श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले में अवैध कोयला खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला हुआ है। सोहागपुर थाना क्षेत्र के खितौली बीट में 30 से अधिक लोगों की भीड़ ने शहडोल रेंजर और उनके अमले को घेर लिया। हमलावरों ने न केवल टीम को बंधक बनाया, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की।
कार्रवाई से लौटते समय हुआ हमला
वन विभाग को सूचना मिली थी कि सोन नदी के सलमा घाट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला निकाला जा रहा है। इस सूचना पर रेंजर राम नरेश विश्वकर्मा 10 वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे।
कार्रवाई पूरी कर जब टीम वापस लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे कोल माफिया और उनके साथियों ने टीम का रास्ता रोक लिया। भीड़ ने पूरी टीम को घेरकर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।
पहले भी मिल चुकी धमकी
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले भी माफियाओं ने रेंजर के साथ बदतमीजी की थी और उन्हें काम न करने की धमकी दी थी। रेंजर ने धमकियों की परवाह किए बिना कार्रवाई जारी रखी, जिसके बाद यह हमला हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के उच्च अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिकारी बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
दक्षिण वन मंडलाधिकारी श्रद्धा पंद्रे ने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडेय के मुताबिक, वन विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।







