श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल :- ब्यौहारी थाना क्षेत्र के आखेटपुर गांव में मंगलवार देर शाम दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान मवेशी को घर के पास स्थित एक पुराने सार की दीवार में बांध रहा था तभी उसी समय अचानक दीवार गिरने से उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना से गांव में शोक की लहर है
पुलिस के अनुसार आखेटपुर निवासी अयोध्या कोल पिता स्व. रामप्यारे कोल मंगलवार सुबह रोज की तरह मवेशियों को जंगल चराने ले गए थे। देर शाम करीब 7 बजे वे मवेशियों को लेकर घर लौटे और उन्हें सार में बांधने लगे। एक मवेशी को उन्होंने दीवार में लगे लोहे के सहारे बांध दिया था। इसी दौरान मवेशी ने अचानक जोरदार झटका दिया और रस्सी छुड़ाने की कोशिश की। झटके के कारण कमजोर दीवार अचानक भरभराकर किसान के ऊपर गिर गई।
दीवार के मलबे में दबने से अयोध्या कोल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।







