श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- चचाईः अगर जज्बा हो तो खेल के मैदान में भी तिरंगा फहराया जा सकता है। यह साबित किया है चचाई थाना प्रभारी सुन्द्रेश सिंह ने। पुलिस की व्यस्त कार्यशैली और कानून व्यवस्था की चुनौतियों के बीच खेल के क्षेत्र में यह उपलब्धि अर्जित करना बहुत बड़ी बात है। महाराष्ट्र के पुणे में 27 से 31 जनवरी तक आयोजित आठवीं राष्ट्रीय सुपर मास्टर्स गेम्स में सुन्द्रेश सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर पूरे जिले और मध्य प्रदेश पुलिस का नाम गौरवान्वित किया है।
सुन्द्रेश सिंह का चयन उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के आधार पर हुआ था।राष्ट्रीय स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद उन्होंने अपना धैर्य बनाए रखते हुए देश भर से आए खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए तीसरा स्थान प्राप्त कर पदक जीता।







