श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया जिले के जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहा के सेहरा टोला से एक बार फिर चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कोदो के कोदई से बने भात का सेवन करने के बाद सभी को चक्कर, घबराहट और कमजोरी महसूस होने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
बीमार पड़ने वालों में पिता काशी सिंह (80 वर्ष), माता बुधिया बाई (70 वर्ष), पुत्र खेमचंद सिंह (42 वर्ष) और बहु रामरति सिंह (38 वर्ष) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल उमरिया रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। खेमचंद सिंह ने बताया कि घुलघुली स्वास्थ्य केंद्र से रेफर होने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें उमरिया अस्पताल भेजा गया।
इस पूरे मामले ने इसलिए भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि ठीक एक दिन पहले बुधवार को इसी क्षेत्र के शासकीय विद्यालय जरहा में पढ़ने वाले कई मासूम छात्रों की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत के बाद बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा था। संयोग यह है कि प्रभावित परिवार उसी विद्यालय के नजदीक अपने पुश्तैनी मकान में रहता है।
वहीं इस संबंध में डॉक्टर के. एल. बघेल ने बताया कि कोदो-कोदई खाने के बाद एक ही परिवार के करीब तीन से चार लोगों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। सभी को एहतियातन जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।







