श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- Shahdol: शहडोल में रेलवे गोदाम में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी पर लोहा चोरी रोकने पर चाकू से हमला हुआ। आरपीएफ-कोतवाली की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि दो फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
आरपीएफ एवं कोतवाली ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मंगलवार देर शाम पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी है।
घायल कर्मचारी ने पूछताछ में बताया कि रात्रि करीब 2 से 3 बजे के बीच तीन बदमाश रेलवे का लोहा चोरी करने के उद्देश्य से पहुंचे थे। चोरी से रोकने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस-2023 की धारा 132, 121(1), 110 एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 34/2026 दर्ज किया गया।
घटना के बाद आरपीएफ बिलासपुर के मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आरपीएफ थाना शहडोल के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तिवारी एवं सिटी कोतवाली के निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान गुप्त सूचना, पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड और लगातार दबिश के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें शुभम सोनी उर्फ भाऊ, धीरज नामदेव एवं मनोज जसवानी उर्फ मन्नू शामिल हैं।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शुभम सोनी उर्फ भाऊ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ चोरी की नीयत से वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना स्थल के पास झाड़ियों से खून लगा चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।







