श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हुडरहा में खेत की जीआई तार में अवैध रूप से लगाए गए करंट की चपेट में आने से 43 वर्षीय किसान नंदलाल सिंह गोंड की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और करंट लगाने वाले खेत मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है।

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हुडरहा में एक दर्दनाक हादसे में किसान की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आलू की फसल को बंदरों और जानवरों से बचाने के लिए पड़ोसी किसान की ओर से खेत में जीआई तारों में लगाए गए करंट की चपेट में आने से 43 वर्षीय नंदलाल सिंह गोंड की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक नंदलाल सिंह गोंड पिता दशरथ सिंह गोंड उम्र 43 वर्ष, ग्राम हुडरहा के निवासी थे। परिजनों ने बताया कि नंदलाल रोज की तरह अपने खेत में काम करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। जब परिजन उनकी तलाश में खेत की ओर पहुंचे तो नंदलाल का शव खेत के पास पड़ा मिला। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना जयसिंहनगर थाना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि नंदलाल के खेत से सटे हुए एक अन्य खेत में आलू की फसल लगी हुई थी। इस खेत के मालिक ने फसल को जंगली और आवारा जानवरों और बंदरों से बचाने के उद्देश्य से खेत के चारों ओर लगी जीआई तारों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी करंट की चपेट में आने से नंदलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने शुक्रवार को मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही करंट लगाने वाले खेत मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने खेतों में करंट लगाने जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।










