श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल :- नीमच, रामपुरा। नीमच जिले की रामपुरा पुलिस ने 11 जनवरी 2026 को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए मुखबीर द्वारा बताये स्थान ग्राम डायली के जंगल मे नाले के किनारे गेहूं, तुलसी व सरसों के खेतों में नाले की तरफ गांजे की पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने यहां से 20 हजार पौधे जब्त किए हैं जिनका वजन 11 क्विंटल 25 किलोग्राम बताया गया है। इनकी कीमत 1.12 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में जमीन के मालिकों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पहले हुई कार्रवाई में जब्त हुए 5 हजार पौधे, गेहूं और तुलसी के पौधों के बीच लगा रखा था गांजा
गेहूं और तुलसी के पौधों के बीच गांजे की अवैध खेती की जा रही थी, जिसका खुलासा जिले की रामपुरा पुलिस ने किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के 5 हजार पौधे जब्त किए हैं। मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। जिले में कुकड़ेश्वर के बाद रामपुरा पुलिस ने गांजे की अवैध खेती के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
मप्र में सिर्फ नीमच, मंदसौर और रतलाम जिले के जावरा विकासखंड में अफीम की खेती होती है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा अफीम नीति के अनुसार केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो किसानों को लाइसेंस जारी कर अफीम की खेती का अधिकार देता है लेकिन बीते 2 माह में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।
अफीम उत्पादक क्षेत्र नीमच में गांजे की अवैध खेती भी पैर पसारने लगी है। ऐसे ही एक मामले में जिले की रामपुरा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। रामपुरा टीआई विजय सागरिया व टीम ने मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर शनिवार को थाना क्षेत्र के ग्राम करनीखेड़ा में दबिश दी। पुलिस टीम ने गांव में नाले के किनारे गेहूं और तुलसी के पौधों के बीच बोई गई गांजे की अवैध खेती पकड़ी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 3 क्विंटल 20 किलो वजनी 5 हजार गांजे के अवैध पौधे जब्त किए हैं। जब्त किए गांजे के अवैध पौधों की कीमत 9 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के अवैध पौधे जब्त कर अवैध रूप से खेती करने के आरोप में अज्ञात आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
ड्रोन सर्वे की शुरुआत भी की
मनासा की प्रभारी एसडीओपी निकिता सिंह ने दिसंबर 2025 में कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र में एक के बाद एक तीन स्थानों पर गांजे की अवैध खेती पकड़ाने के बाद मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लेकर मनासा विकासखंड के तीनों थाना क्षेत्र मनासा, कुकड़ेश्वर व रामपुरा में ड्रोन सर्वे की शुरुआत कराई। इसके माध्यम से भी पुलिस गांजे और अफीम की अवैध खेती का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पूर्व में पुलिस की कार्रवाई
- 5 दिसंबर को श्योपुरिया चक्की वाला में कच्चे रास्ते के किनारे सर्वे क्रमांक 108 से गांजे की अवैध खेती पकड़ी थी, यहां से गेहूं और रायड़े के बीच से 3 क्विंटल 25 किलो वजनी गांजे के लगभग 15 हजार पौधे जब्त किए गए थे।
- 22 दिसंबर को आमद-रगसपुरिया अमरगढ़ रोड पर सर्वे क्रमांक 85 पर गांजे की अवैध खेती पकड़ी थी, यहां से 3 क्विंटल 12 किलो वजनी लगभग 10 हजार गांजे के हरे व गीले पौधे जब्त किए थे।
- 25 दिसंबर को शिवपुरिया मंदिर वाले में सर्वे क्रमांक 89 पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजे की अवैध खेती पकड़ी और 8 हजार पौधे जब्त किए थे।







