श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के बिरसा मुंडा सरकारी मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार को एक नवजात बच्चे के शव को आवारा कुत्तों ने बुरी तरह नोच डाला। कुत्ते शव के निचले हिस्से को घसीटते हुए ले जा रहे थे, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर सिंह ने बताया वह अपने रिश्तेदार को देखने मेडिकल कॉलेज आया थे। तभी मर्चुरी के पास नवजात के शव कुत्ते नोच रहे थे। फिर मैंने शोर मचाकर कुत्तों को भगाया और बच्चे के शव को उनके चंगुल से छुड़ाया।
हालांकि, तब तक कुत्ते शव को काफी नुकसान पहुंचा चुके थे। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लोगों में भारी गुस्सा है।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि नवजात का शव परिसर के अंदर खुले में कैसे आया।
जांच में इस बात की भी संभावना देखी जा रही है कि क्या लोक-लज्जा के डर से किसी ने बच्चे को यहां फेंका था, या फिर यह अस्पताल प्रबंधन की कोई बड़ी लापरवाही है।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक बोले- नवजात का क्षत विक्षत शव मिला
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉक्टर नागेन्द्र सिंह ने बताया कि नवजात का क्षत विक्षत शव मिला है। इसकी सूचना हमने सोहागपुर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवा दिया है। नवजात का शव पीछे कैसे आया, किसने फेंका इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा- कार्रवाई करेंगे
सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







