श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- बाइक से ब्यौहारी की तरफ जा रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार दोपहर ब्यौहारी थाना क्षेत्र के पसगड़ी तिराहे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर चालक बिना रुके वाहन सहित फरार हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने स्थिति को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब अज्ञात ट्रैक्टर और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।







