श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- उमरिया जिले में एक कॉलरी कर्मी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें कोतवाली थाना में पदस्थ एक हवलदार पर गंभीर आरोप लगे हैं। चपहा क्षेत्र की जवाहर कॉलोनी में रहने वाले पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर सुरक्षा और न्याय की मांग की है। शिकायत के बाद एसपी विजय कुमार भागवानी ने आरोपी हवलदार को लाइन अटैच करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित के अनुसार, उसके और एक व्यक्ति के बीच पैसों का लेनदेन हुआ था। उसने बताया कि मूल रकम वापस कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उस पर मनमाना ब्याज जोड़कर रकम वसूलने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दबाव को बढ़ाने के लिए संबंधित व्यक्ति ने पुलिस की मदद लेकर मामला अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि कोतवाली में पदस्थ हवलदार पीड़ित को घर से उठाकर थाने ले गया, जहां उसके साथ सख्ती से पूछताछ की गई और मारपीट भी की गई।
पीड़त के शरीर पर कई निशान बने
पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं और शरीर पर कई निशान बने हैं। उसने कहा कि धमकी और उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने हवलदार को तुरंत लाइन भेज दिया और विभागीय जांच शुरू करने के आदेश जारी कर दिए।
पुलिसिया दबाव की शिकायत चिंताजनक
स्थानीय लोगों का कहना है कि लेनदेन को लेकर विवाद अक्सर अदालत या आपसी समझौते तक सीमित रहता है, लेकिन इस तरह पुलिसिया दबाव की शिकायत चिंताजनक है। पीड़ित के परिवार ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि किसी व्यक्तिगत विवाद में पुलिस की भूमिका निष्पक्ष रहनी चाहिए और किसी को भी बल प्रयोग कर परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
जांच अधिकारी को बयान दर्ज करने और पूरे मामले की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जिला मुख्यालय में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और लोग मामले के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।







