श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन के आउटर में एक बच्चा घायल हालत में घूमता हुआ मिला। उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने बताया कि दो युवक बाइक पर उसे किडनैप करके यहां लाए थे। इसके बाद उन्होंने उसे ट्रेन में बैठा लिया। ट्रेन जब आउटर पर धीमी हुई तो वो घबराकर उससे नीचे कूद गया था।
इटारसी। आदिवासी विकासखंड केसला के जामुनडोल गांव में रहने वाले 13 वर्षीय बच्चे का बाइक सवार दो युवकों द्वारा अपहरण करने का मामला सामने आया है। बच्चे का कहना है कि उसे युवकों द्वारा इटारसी स्टेशन पर किसी ट्रेन में बैठा दिया गया था, ट्रेन की रफ्तार कम होने पर वह चलती ट्रेन से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया।
आउटर पर बच्चे को अकेला घूमते देख एक युवक ने 108 एंबुलेंस को कॉल कर उसे सरकारी अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया, यहां से आए मेमो पर जीआरपी को घटना की जानकारी मिली। पुलिस मामले को फिलहाल संदिग्ध मानकर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बच्चे ने बताया कि वह मंगलवार को अपने स्कूल जा रहा था, तभी कालाआखर पुलिया के पास बैठे अज्ञात बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। अपहरण के बाद बदमाश उसे बाइक पर बैठाकर इटारसी रेलवे स्टेशन लेकर आए।
घबराकर ट्रेन से छलांग लगा दी
अपहरणकर्ताओं का इरादा बच्चे को ट्रेन के माध्यम से बाहर ले जाने का था। ट्रेन चलने के बाद घबराए बच्चे ने छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया। जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि हमें अस्पताल से घटना की जानकारी मिली थी, इसके बाद पुलिस बल भेजा गया था। घटनास्थल केसला होने की वजह से मामला यहीं दर्ज होगा। अपहरण की खबर मिलने पर देर शाम बच्चे के स्वजनों के साथ सरपंच दुर्गेश धुर्वे, सुमित सेलूकर जीआरपी थाना पहुंचे। बच्चे के बयान दर्ज करने के बाद उसे सकुशल परिवार के हवाले किया गया है।
कैमरों से होगा पर्दाफाश
जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है, चूंकि अपहरणकर्ताओं द्वारा बच्चे को अकेले ट्रेन में बैठाने की बात समझ नहीं आ रही है, अब बच्चे के बताए समय अनुसार स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे, जिससे घटना की हकीकत सामने आएगी।







