श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- देवलौंद (बाणसागर) में राजू केवट (35) की बंद कमरे में अचानक आग लगने से जलकर दर्दनाक मौत हो गई। रात में उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया था तभी आग की लपटें उठने लगीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवलौंद थाना क्षेत्र में एक युवक की आग से जलने से मौत हो गई है। घटना के समय युवक के घर में उसकी पत्नी एवं पूरा परिवार मौजूद था। तभी युवक जिस कमरे में सो रहा था अचानक उस कमरे में अज्ञात कारणों से लगी आग से युवक जल गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस अपनी जांच कर रही है।
कमरे से धुआं निकलता देख राजू की पत्नी और पिता ने दौड़ लगाई और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से राजू की आहट नहीं मिली। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की लपट कई फीट तक उठ रही थी। जिसे देखकर आस पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। जब तक राजू बुरी तरीके से जल चुका था। पुलिस की डायल हंड्रेड घटनास्थल पहुंची और गंभीर हालत में राजू को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। कई तरह की चर्चा तेज हो गई है, पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने कहा कि मामले पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।







