श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- कथित रूप से दो एकड़ जमीन मुफ्त में अपने नाम करने का दबाव बनाने वाले कांग्रेस नेता पर पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले का एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें आरोपी कुल्हाड़ी लेकर खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर चालक को रोकते दिखाई दे रहा है।
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में जिला कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग के पूर्व जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह टांगी लेकर खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर चालक को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौरी निवासी किसान पुनीत यादव और उनकी पत्नी भाग्यश्री यादव के नाम पर हाल ही में 8 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री हुई है। इसी भूमि की जुताई कराने के लिए पुनीत यादव अपने रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे थे। गांव का रहने वाला जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्व पिछड़ा वर्ग का जिला अध्यक्ष राजेश यादव उर्फ छेदी पहले से ही वहां मौजूद था।
जैसे ही पुनीत और उनके ससुर मथुरा मौके पर पहुंचे, कांग्रेस नेता राजेश यादव ने उनसे विवाद करना शुरू कर दिया और कथित रूप से कहा कि पहले मुझे दो एकड़ भूमि दो, तभी तुम्हें इस खेत में कदम रखने दूंगा। पीड़ितों का आरोप है कि बातचीत के दौरान राजेश यादव आगबबूला हो गया और कुल्हाड़ी लेकर हमला करने की कोशिश करने लगा।
पुनीत यादव ने बताया कि हाल ही में 8 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री कराई है। खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर चालक सोनू सिंह गोंड पर राजेश ने कुल्हाड़ी से हमला किया और गाली-गलौज भी की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।







