श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले में बढ़ती ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। अब जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संबद्ध स्कूल सुबह 9 बजे से ही संचालित होंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
गिरते तापमान से परेशान हो रहे बच्चे
बता दें कि, पिछले कुछ दिनों से शहडोल में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। सुबह कोहरे, गलन और ठंडी हवाओं के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी हो रही थी, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर थी।
अभिभावकों ने बताया कि ठंड के कारण बच्चों को सुबह जल्दी तैयार करना और स्कूल भेजना मुश्किल हो रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल समय में यह आवश्यक बदलाव किया है।
9 बजे के बाद वाले स्कूलों में नहीं होगा बदलाव
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि जिन स्कूलों का समय पहले से ही सुबह 9 बजे या उसके बाद का है, उनमें किसी तरह का परिवर्तन नहीं होगा। यह आदेश केवल उन स्कूलों पर लागू होगा, जहां पढ़ाई सुबह 8 बजे या उससे पहले शुरू होती थी।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग और सभी स्कूल संचालकों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूलों से कहा गया है कि अत्यधिक ठंड होने पर प्रार्थना सभा खुले मैदान की बजाय कक्षाओं के अंदर करवाई जाए, ताकि बच्चे ठंड से बच सकें।
अभिभावकों ने प्रशासन के इस फैसले को राहतभरा बताया। उनका कहना है कि समय बढ़ने से बच्चों को ठंड में संघर्ष नहीं करना पड़ेगा और सुरक्षित रूप से स्कूल पहुंच सकेंगे।









