श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में मवेशी चरा रही महिला को भालू ने सब के सामने खींच कर जंगल ले जाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। भालू ने महिला के पति एवं परिजनों के सामने से महिला को खींचता हुआ जंगल ले गया और जब महिला की मौत हो गई तब भी भालू महिला के शव के आस पास ही घूमता रहा, पति एवं परिवार के लोग यह देखते रहे लेकिन वह कुछ कर नहीं सके। दो घंटों तक भालू शव के पास घूमता रहा।
जानकारी के अनुसार केशवाही वन परिक्षेत्र के मझटोलिया गांव में अपने पति एवं अन्य परिजनों के साथ महिला गुड्डी यादव पति सीताराम यादव (42) मवेशी चरा रही थी। तभी अचानक जंगल में मौजूद एक भालू सब के सामने से महिला को खींचता हुआ, जंगल ले गया, जिसे देख महिला का पति एवं परिजनों ने भालू के पीछे दौड़ लगाई, लेकिन भालू काफी गुस्से में था, जब परिजन आगे जाते तो भालू उन पर भी हमला करने लगता, जिससे पति एवं परिजन दूर खड़े थे। वन विभाग को उसकी जानकारी फोन पर दी। जानकारी के बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी केशवाही अंकुर तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तब भालू महिला के शव के पास ही घूम रहा था।
रेंजर ने बताया कि हमने मशाल और फटाखे फोड़ कर भालू को भगाया है। इसमें दो घंटे लग गए। घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे तब कहीं जाकर भालू दो घंटे बाद महिला के शव से दूर गया। थाना प्रभारी जैतपुर जिया उल हक ने कहा मौके से हमने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। वही रेंजर ने कहा इस क्षेत्र में भालू का मूवमेंट लगातार रहता है। बीते दिनों ही लोगों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक किया गया था। भालू के हमले से महिला की मौत हुई है। हमने अभी दस हजार की सहायता परिजनों को तत्काल दी है। आठ लाख रुपए जल्द उनके खाते में डाल दिए जाएंगे। घटना के बाद वन विभाग की एक टीम मौके पर लगाई गई है। जो गस्त कर भालू पर निगरानी बनाए हुए है।







