SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » MP News : इंटर्न डॉक्टर से मारपीट पर सख्त कार्रवाई, छात्राएं दो माह के लिए हॉस्टल से बाहर; जुर्माना भी लगा

MP News : इंटर्न डॉक्टर से मारपीट पर सख्त कार्रवाई, छात्राएं दो माह के लिए हॉस्टल से बाहर; जुर्माना भी लगा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -:    MP News : शहडोल मेडिकल कॉलेज के लेबर रूम में हंगामे के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इंटर्न डॉक्टर से मारपीट करने वाली दो छात्राओं को कॉलेज प्रबंधन ने दो माह के लिए निलंबित कर हॉस्टल से बाहर कर दिया है। साथ ही दोनों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

शहडोल के बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, शहडोल के लेबर रूम (प्रसूता वार्ड) में हुए हंगामे के मामले में कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। इंटर्न डॉक्टर से मारपीट और अभद्र व्यवहार करने वाली दो इंटर्न छात्राओं को निलंबित कर दिया गया है। आदेश के अनुसार, इंटर्न छात्रा शानू अग्रवाल और योगिता त्यागी को दो माह के लिए इंटर्नशिप से निलंबित किया गया है। इसके साथ ही दोनों को हॉस्टल से भी दो माह के लिए बाहर कर दिया गया है और 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

यह घटना 12 सितंबर 2025 की है। ड्यूटी के दौरान दोनों छात्राओं ने एक इंटर्न डॉक्टर के साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। इससे वहां भर्ती गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हंगामे की घटना मोबाइल कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत संज्ञान लेकर जांच समिति गठित की। समिति ने 19 सितंबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें दोनों छात्राओं को दोषी पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर अनुशासन समिति ने निलंबन और जुर्माने का फैसला लिया।


प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई की
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों छात्राएं पहले भी कॉलेज परिसर में विवाद और मारपीट कर चुकी हैं। हाल ही में उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे आपस में मारपीट करती दिख रही थीं। लगातार अनुशासनहीनता और कॉलेज की छवि खराब करने को गंभीर मानते हुए प्रबंधन ने यह सख्त कार्रवाई की है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अस्पताल के संवेदनशील विभाग, खासकर लेबर रूम में अनुशासनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां मरीजों की जान और सेहत जुड़ी होती है और ऐसे में हंगामा या विवाद से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

 

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब शहडोल मेडिकल कॉलेज की इंटर्न छात्राओं का विवाद सामने आया है। पिछले कुछ महीनों से लगातार अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल कॉलेज प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि आगे ऐसी घटनाओं में शामिल छात्रों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us