श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक युवक की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवक को घाव लगा था जिस पर डॉक्टर ने पट्टी लगाई फिर इंजेक्शन लगा दिया।
शहडोल: जिले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध न होने के कारण भोले-भाले ग्रामीण आदिवासी मजबूरी मे झोला छाप डॉक्टरों से इलाज करवा रहे हैं। इन झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज करवाने का नतीजा मौत के रूप में सामने आता है।
ताजा मामला ब्यौहारी के वार्ड क्रमांक 10 मझवा टोला का है। यहां के रहने वाले 22 वर्षीय ओमप्रकाश कोल को पैर में घाव था। जिसके उपचार के लिए परिजन उसे ब्यौहारी स्थित एक झोला छाप डॉक्टर के चांदसी मेडिकल स्टोर लेकर गए। वहां डॉक्टर के बेटे ने घाव पर मरहम लगा कर पट्टी कर दी और एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही युवक की हालत बिगड़ गई। फिर उसे एक और इंजेक्शन लगा दिया। जब युवक की हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो झोलाछाप डॉक्टर ने अपने हाथ खड़े कर दिए और सरकारी अस्पताल ले जाने की बात कही।
बीच रास्ते में हो गई मौत
आनन-फानन में परिजन उसे शासकीय सिविल अस्पताल ब्यौहारी ले गए। अस्पताल पहुंचने तक ओम प्रकाश की हालत काफी बिगड़ गई। डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर ब्यौहारी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। शव का पीएम कराया जा रहा है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगीI
मेडिकल ऑफिसर ने क्या कहा?
इस मामले में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ विशाल सिंह परिहार ने बताया कि युवक मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि झोला छाप डॉक्टरों को पहले ही नोटिस जारी कर उनके पंजीकरण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।







