श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में दीपावली के करीब आते ही ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। जिला व्यापारी संघ ने इस मुद्दे को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
व्यापारी संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता, महामंत्री प्रकाश ओचानी और कोषाध्यक्ष ऋतुराज गुप्ता ने बताया कि नगर की सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग से जाम लगना आम बात हो गई है। इससे ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में परेशानी होती है। व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
व्यापारी राजेश गुप्ता के अनुसार, नगर में बाहरी और अज्ञात लोगों की आवाजाही बढ़ी है। ये लोग व्यापारियों और ग्राहकों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। व्यापारी संघ ने इन अज्ञात लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
नगर में सुरक्षा को लेकर बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक सिग्नल को तुरंत चालू करने की मांग भी की गई है। व्यापारियों का कहना है कि कैमरे बंद होने से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि इससे आमजन और व्यापारी सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकेंगे।







