श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में खाद की किल्लत और कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। बड़े पैमाने पर अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग सामने आ रही है। इसी क्रम में सोमवार रात ब्यौहारी नायब तहसीलदार ने टार्च की रोशनी में ग्राम पौंध स्थित अनन्या इंटरप्राइज से 132 बोरी डीएपी और 20 बोरी यूरिया जब्त की। नायब तहसीलदार सनी द्विवेदी और कृषि विकास अधिकारी अभिषेक तिवारी ने छापा मार कार्रवाई की।

यहां पर हो चुकी कार्रवाई
सिर्फ प्राइवेट दुकानों में ही नहीं, बल्कि सहकारी समितियों में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पकड़ी गई है। अभी हाल ही में जैतपुर समिति प्रबंधक यमुना प्रसाद मिश्र ने बिना अधिकृत किसानों को 346 बोरी यूरिया बांट दिया। निरीक्षण में 254 बोरी खाद एक निजी दुकान पर मिली, बाकी ब्लैक में बेची जा चुकी थी।
इसी प्रकार टिहकी समिति (जयसिंहनगर) यहां प्रबंधक राजेश अवस्थी ने 251 बोरी यूरिया बिना पंजीकृत किसानों को बांट दी। POS मशीन का उपयोग ही नहीं किया गया और भौतिक निरीक्षण में गोदाम खाली मिला था। दोनों मामलों में कलेक्टर ने प्रबंधकों को तत्काल निलंबित कर केंद्रीय सहकारी बैंक शहडोल में अटैच कर दिया था।

जैतपुर का वीडियो आया सामने
जैतपुर के चनौडी में अधिक दामों में खाद की बिक्री की जा रही है। जिसका एक वीडियो भी सामने आया था। लोगों ने कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक एक्शन ना हो सकी है। वहीं ब्यौहारी के पपौंध में खाद की कालाबाजारी का मामला सामने आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मामले से अधिकारियों को अवगत कराया और फिर प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंच कार्रवाई की है।
छिपाकर रखा था खाद
नायब तहसीलदार सनी द्विवेदी ने बताया गया कि दुकान में अवैध तरीके से खाद छिपाकर रखा गया था। मौके से जब्त खाद पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिक दामों में यहां से खाद बिक्री का कार्य किया जा रहा था। तभी लोगों की शिकायत के बाद कार्रवाई की है।









