श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: MP Crime: मध्य प्रदेश के कटनी में इंसानियत शर्मसार हुई है, जहां एक पति ने पारिवारिक विवाद पर अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी अंतर्गत घर में सो रही गर्भवती पत्नी पर पति ने ही पत्थर पटक दिया और उसकी हत्या कर भाग गया। सुबह घर के लोग जागे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। माधवनगर, निवार चौकी पुलिस के साथ सीएसपी भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही बताया जाता है कि देर शाम पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताई जा रही है, लेकिन दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
दस माह पूर्व हुई थी शादी
बिलहरी निवासी शिवानी उर्फ प्रिया बर्मन, 21 वर्ष की शादी लगभग दस माह पूर्व माधवनगर थाना क्षेत्र के जरवाही गांव निवासी रवि बर्मन के साथ हुई थी। शिवानी वर्तमान में गर्भ से थी। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। शुक्रवार की रात को शिवानी व उसका पति परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रात को दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, यह जानकारी सामने नहीं आ सकी है। सुबह पांच बजे के लगभग रवि बर्मन ने कमरे में सो रही पत्नी शिवानी के सिर पर बड़ा सा पत्थर पटक दिया और उसकी हत्या कर दी।
मौके से भाग निकला पति
घर में सो रहे स्वजनों को कमरे से चीखने की आवाज आई और वे जब तक कमरे में पहुंचे रवि मौके से फरार हो गया था और शिवानी का रक्तरंजित शव कमरे में पड़ा था। पति द्वारा पत्थर पटककर पत्नी की हत्या की खबर थोड़ी ही देर में पूरे गांव में फैल गई और घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, निवार चौकी प्रभारी नेहा मोर्य बल के साथ पहुंची और स्वजनों से जानकारी लेने के साथ ही स्थल का निरीक्षण किया। जानकारी लगने पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया भी घटना स्थल पर पहुंच गई और उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और फारेंसिक टीम की मदद ली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने स्वजनों के बताए अनुसार पति की खोजबीन की। बताया जाता है कि पति रवि को पुलिस ने गांव के पास से ही हिरासत में देर शाम ले लिया है और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जिसमें घटना का कारण उसने पारिवारिक विवाद बताया है, हालांकि देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके कारण रवि ने पत्नी के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी।
इनका कहना है
जरवाही गांव में एक महिला की हत्या की जानकारी लगी थी। जिसपर घटना स्थल पर अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। जरवाही निवासी रवि बर्मन नामक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी थी। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। पति को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ कर विवाद का कारण पता लगाया जा रहा है। अभिषेक चौबे, थाना प्रभारी माधवनगर।







