श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: जिले की सोहागपुर पुलिस ने एक ही मामले में चार महीने के अंदर दूसरी बार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अपने मोबाइल से महिला दोस्त की फोटो को एआई के माध्यम से जनरेट कर फेसबुक और अन्य सोशल साइटों पर अपलोड कर महिला को बदनाम कर रहा था।
चार महीने पहले भी इसी मामले में आरोपी मोहम्मद इमरान खान (23) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उसने दोबारा अपने एक दोस्त का सहारा लिया। उसके मोबाइल से फर्जी आईडी बनाकर एआई जनरेटेड फोटो अपलोड करने पर फिर गिरफ्तार हुआ है।
आरोपी जबलपुर का रहने वाला
सोहागपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने चार माह पहले पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया था कि जबलपुर का रहने वाला युवक सोशल मीडिया में उसकी अश्लील फोटो शेयर कर बदनाम कर रहा है। पुलिस ने तब आरोपी मोहम्मद इमरान खान के विरुद्ध केस दर्ज किया था। उसे गिरफ्तार कर शहडोल लाया गया था। न्यायालय ने उसे आईटी एक्ट के मामले में जमानत दे दी थी।
एआई से फोटो बनाकर सोशल मीडिया में शेयर किया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वही आरोपी फिर से उसकी फोटो एआई के माध्यम से जनरेट कर सोशल मीडिया में शेयर कर रहा है। थाना प्रभारी सोहागपुर भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि इस बार दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

मुख्य आरोपी मोहम्मद इमरान खान (23) पिता वसीम खान निवासी पान तलैय्या जबलपुर और श्रेय रजक (19) पिता सुरेश रजक निवासी ग्राम बिलहरी थाना अधारताल जबलपुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।







