SUBSCRIBE NOW

Home » Uncategorized » रतलाम जिले के बिरमावल गांव में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

रतलाम जिले के बिरमावल गांव में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे ;- रतलाम जिले के बिरमावल गांव में स्थित बड़केश्वर महादेव मंदिर में रविवार रात को तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। आरोपित ने लाठी से शिव परिवार की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया और आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया।

 रतलाम। रतलाम जिले के बिरमावल गांव में रविवार रात करीब 11 बजे पंचायत भवन के सामने स्थित बड़केश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों को तोड़कर खंडित करने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने लाठी से मां पार्वती, भगवान कार्तिकेय और नंदी की मूर्तियों को तोड़ दिया और त्रिशूल व शिवलिंग पर लगे तांबे के नाग को भी नुकसान पहुंचाया।

मूर्तियां तोड़े जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पर जमा हो गए और आरोपित को पकड़ लिया। सूचना पर बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और 50 वर्षीय आरोपित राधेश्याम मालवीय को हिरासत में ले लिया। ग्रामीण रात 1 बजे तक बिरमावल पुलिस चौकी पर डटे रहे और नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।

तीन प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, प्रकरण दर्ज

घटना के विरोध में ग्रामीण रात 1 बजे बिलपांक थाना पहुंचे और आरोपित राधेश्याम के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया। सावन माह के आखिरी सोमवार को सामूहिक रुद्राभिषेक होना था, लेकिन उससे पहले ही मूर्तियां खंडित कर दी गईं। मंदिर में शिव परिवार की कुल पांच मूर्तियां थीं।

इनमें मां पार्वती और भगवान कार्तिकेय की मूर्तियां लाठी से गिराकर तोड़ दी गई, जबकि नंदी की मूर्ति के सिर पर वार करने से एक सींग टूट गया। त्रिशूल और शिवलिंग पर लगाया गया तांबे का नाग भी क्षतिग्रस्त हुआ। हालांकि पुलिस के अनुसार आरोपित राधेश्याम मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

हरियाणा के रामपाल का अनुयायी होने का लगाया आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राधेश्याम, हरियाणा के रामपाल महाराज का अनुयायी है और घटना के समय मूर्तियों पर लगातार लाठी चला रहा था। जब ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह उल्टा उनसे विवाद करने लगा। काफी मशक्कत के बाद उसे काबू किया गया।

चौकी पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि रमेश डिंडोर, उपसरपंच महेश्वरसिंह सहित अर्पित जैन, विकास पिपाड़ा, उमेश पाटीदार, धनंजय पाटीदार, कान्हा पाटीदार, राजेंद्र सिंह दरबार, राहुल रावल, गणेश सोनी और प्रमोद गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात तक मौजूद रहे।

नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है

मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया गया है। पुजारी व ग्रामीणों से चर्चा कर मंदिर में विधि विधान से नई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है, हालांकि वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। क्षतिग्रस्त मूर्तियों को सुरक्षित रखा गया है। अयूब खान, बिलपांक थाना प्रभारी

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us