श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल ;- इंदौर में बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के नियम के कारण दो बाइक सवारों ने पंप में आग लगाने की कोशिश की। कलेक्टर आशीष सिंह ने एक अगस्त से बिना हेलमेट वाहन चालकों को पंपों पर पेट्रोल नहीं देने का आदेश जारी किया था। पंप कर्मचारियों ने जब बाइक सवारों को पेट्रोल देने से इनकार किया, तो वे भड़क गए और आग लगाने की कोशिश की।
इंदौर। इंदौर शहर में कलेक्टर आशीष सिंह ने एक अगस्त से बिना हेलमेट वाहन चालाकों को पंपों पर पेट्रोल नहीं देने का आदेश जारी किया है। शहर में इस नियम का सख्ती से पालन किया जा रहा है। इसी दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल ना देने पर दो बाइक सवारों द्वारा पंप पर आग लगाने की कोशिश की घटना सामने आई है।
घटना एयरोड्रम थाना इलाके के छोटा बांगड़दा में शुक्ला पेट्रोल पंप की है। यहां बाइक सवार दो लोग पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण पंप कर्मचारियों ने बाइक में पेट्रोल डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद बाइक सवार भड़क गए और कर्मचारी को चाकू दिखाकर धमकाने लगे।
इसी दौरान उन्होंने वहां पेट्रोल टैंक में आग लगने की केाशिश की। इस दौरान वहां मौजूद दूसरे कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कर्मचारियों की शिकायत बाइक सवारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कल सील कर दिए थे दो पंप
इंदौर जिले में बगैर हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने के आदेश का पालन नहीं करने पर जिला प्रशासन ने दो पंपों को सील कर दिया, लेकिन मरीमाता चौराहा स्थित शुक्ला परिवार के पंप पर कार्रवाई नहीं की गई। जबकि यहां पर बगैर हेलमेट के वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। पंप पर सूचना पट्टिका भी नहीं लगाई गई थी। प्रशासन की टीम पंप पर जांच करने भी पहुंची, लेकिन चेतावनी देकर वापस लोट गई। जिले की राजस्व सीमा में किसी भी दोपहिया वाहन को बगैर हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने का आदेश जारी किया गया था। जिन पेट्रोल पंप संचालकों ने इस नियम को नहीं माना, उनको सील करने की कार्रवाई की गई।
इधर पंप के बाहर किराए पर दे रहे थे हेलमेट
1 अगस्त से लागू हुए नियम के दौरान पलसीकर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर रस्सी लगा दी गई थी। हेलमेट पहनकर आने वालों को प्रवेश दिया जा रहा था। कुछ युवक वाहन चालकों को हेलमेट किराये पर दे रहे थे। इसके बदले में 10 से 20 रुपए किराया ले रहे थे। पेट्रोल पंप संचालक को पता चलते ही उन युवकों को भगाया।









