श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों ने आतंक मचा रखा है। इसी क्रम में गुरूवाही के सरपंच के मकान को हाथियों ने तोड़ दिया। घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है। इस बार हाथियों का निशाना ताला-पतौर सड़क मार्ग पर स्थित ग्राम गुरूवाही के सरपंच कृष्णपाल सिंह उर्फ पी. सिंह का घर बना। हाथियों के एक झुंड ने सरपंच के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ कर दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथियों का यह झुंड पिछले कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है। रात के समय ये जंगली हाथी अक्सर गांवों की ओर आ जाते हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों के झुंड ने सरपंच के घर के अलावा खेतों में भी नुकसान पहुंचाया है। हालांकि वन विभाग ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।
वन अधिकारियों ने बताया कि इस समय बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों में करीब 70 से 80 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। ये झुंड झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा से होकर मध्यप्रदेश में प्रवेश कर चुका है और अक्सर गांवों की ओर निकल आता है। इससे पहले भी आसपास के गांवों में हाथियों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और हाथियों के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। साथ ही, रात के समय खेतों में न रुकें और जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। विभाग द्वारा हाथियों की निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और हाथी मित्र दलों को भी अलर्ट पर रखा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाएं और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए।







