श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) अनपा खान ने सड़क पर उतरकर स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई हैरान करने वाली लापरवाहियां सामने आईं। 18 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इनमें से 4 वाहनों को जब्त किया गया है।
निरीक्षण में पाया गया कि अनेक स्कूल बसें, वैन, मैजिक और ऑटो नियमों की अनदेखी कर रहे थे। कई वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चे भरे गए थे। कुछ में फर्स्ट एड किट और अग्निशमन यंत्र तक नहीं मिले। कई ड्राइवर्स के पास आवश्यक दस्तावेज भी अधूरे या मौजूद नहीं थे
इन सभी खामियों को देखते हुए RTO ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने नियम तोड़ने वाले 14 वाहनों के चालान काटे और 4 गाड़ियों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
जब्त वाहनों में छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को असहज हालत में देखकर RTO का मानवीय पक्ष सामने आया। उन्होंने बच्चों को अपनी सरकारी गाड़ी से उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाया। इसके बाद वे खुद एक जब्त कबाड़नुमा वाहन में बैठकर 30 किलोमीटर का सफर तय करके ऑफिस वापस लौटीं।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग RTO अनपा खान के इस कार्य की जमकर सराहना कर रहे हैं। बच्चों ने भी उन्हें धन्यवाद दिया।







