श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल ;- Shahdol: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। चौकी प्रभारी आशीष झारिया ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी कुछ दिन पहले मायके चली गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
शहडोल जिले के केशवाही चौकी अंतर्गत बलबहरा गांव में पत्नी के मायके चले जाने से नाराज़ एक युवक ने घर के सामने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान समय लाल बैगा (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त युवक के परिजन घर के अंदर ही मौजूद थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार समय लाल ने घर के सामने लगे पेड़ पर चढ़ने के लिए लकड़ी की सीढ़ी का सहारा लिया और फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी। सुबह जब पड़ोसियों ने युवक को पेड़ से लटकता देखा तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर घर के लोग बाहर निकले लेकिन तब तक समय लाल की मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। चौकी प्रभारी आशीष झारिया ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी कुछ दिन पहले मायके चली गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों के मुताबिक पत्नी के मायके जाने के बाद वह अक्सर उसे वापस बुलाने की कोशिश करता था लेकिन वह लौटकर नहीं आती थी, जिस वजह से वह तनाव में था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हर पहलू की जांच की जा रही है।







